Headlines

ममता देवी बनीं सदस्यता गंवाने वाली छठी विधायक, 6 माह के भीतर रामगढ़ में होगा उपचुनाव

[ad_1]

गोला गोलीकांड केस में 5 साल कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद आखिरकार रामगढ़ की कांग्रेस विधायक ममता देवी की विधायकी रद्द कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो के निर्देश पर प्रभारी सचिव सैयद जावेद हैदर ने इस आशय का पत्र जारी किया। कार्यकाल के बीच में किसी कारणवश विधायकी गंवाने वाली ममता देवी झारखंड की छठी विधायक हैं। इनसे पहले बंधु तिर्की, अमित महतो, कमल किशोर भगत, एनोस एक्का और योगेंद्र प्रसाद भी अपनी विधायकी गंवा चुके हैं। दरअसल, जिस दिन ममता देवी को 5 साल की सजा हुई थी स्पष्ट था कि उनकी विधायकी जाएगी लेकिन, अब औपचारिक ऐलान के पश्चात ये तय हो गया है कि अगले 6 महीने में झारखंड में एक और उपचुनाव होगा। 

क्या है जनप्रतिनिधित्व कानून का प्रावधान
गौरतलब है कि जनप्रतिनिधित्व कानून के मुताबिक यदि किसी भी विधायक या सांसद को 2 साल या इससे अधिक की सजा सुनाई जाती है तो उनकी सदस्यता रद्द कर दी जाती है। एक अन्य प्रावधान के मुताबिक सजा पूरी होने के बाद अगले 6 साल तक संबंधित व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता। इस हिसाब से देखें तो ममता देवी अब अगले 11 साल तक चुनाव नहीं लड़ सकतीं। झारखंड में 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद ये चौथा उपचुनाव होगा। इसके पहले बेरमो, मधुपुर और मांडर में उपचुनाव हो चुका है। गौरतलब है कि सारी पार्टियां अब चुनावी मोड में आ जाएंगी। झारखंड में रामगढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कभी भी किया जा सकता है। सत्तापक्ष उस सीट को अपने पास रखने का पूरा जोर लगाएगा वहीं विपक्ष का प्रयास होगा कि 1 विधानसभा सीट उसके पाले में आ जाए। इससे पहले हुए 3 उपचुनावों में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। 

रामगढ़ उपचुनाव में कौन होगा एनडीए प्रत्याशी
गौरतलब है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ममता देवी ने आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी को हराया था। तब आजसू पार्टी, बीजेपी से अलग होकर चुनाव लड़ी थी। अब उपचुनाव में सुनीता चौधरी एनडीए उम्मीदवार हो सकती हैं। हालांकि ये देखना दिलचस्प होगा कि महागठबंधन की तरफ से यहां कौन उम्मीदवार होगा। कांग्रेस पार्टी की तरफ से उम्मीदवार उतारा जाएगा या इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा दांव लगाएगी। वैसे अभी तक के उपचुनावों में जिस पार्टी के कब्जे में सीट थी, उपचुनाव में प्रत्याशी भी उसी पार्टी से था। 

रामगढ़ में होगा झारखंड का चौथा उपचुनाव
बता दें कि रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2019 के विधानसभा चुनावों के पश्चात झारखंड का चौथा उपचुनाव होगा। इससे पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता राजेंद्र सिंह का निधन होने पर बेरमो में उपचुनाव हुआ। वहां उपचुनाव में दिवंगत राजेंद्र सिंह के बेटे कुमार जयमंगल सिंह ने जीत दर्ज की। मधुपुर में तात्कालीन अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन हुआ तो उपचुनाव में उनके बेटे हफीजुल अंसारी ने जीत दर्ज की। मांडर में बंधु तिर्की की विधायकी गई तो उपचुनाव में उनकी बेटी शिल्पी नेहा तिर्की ने जीत दर्ज की। 

ममता देवी को गोला गोलीकांड में हुई है सजा
ममता देवी को गोला गोलीकांड मामले में 5 साल की सजा हुई है। 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मामला 26 अगस्त 2016 का है। रामगढ़ के गोला थानाक्षेत्र अंतर्गत इनलैंड पावर लिमिटेड नाम की कंपनी पर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाते हुए उसे बंद कराने की मांग को लेकर तात्कालीन जिला परिषद सदस्य ममता देवी की अगुवाई में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन उग्र और हिंसक हो गया। आगजनी हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और फायरिंग की। घटना में 2 ग्रामीण मारे गए जबकि 24 लोग घायल हो गए। 

[ad_2]