Headlines

मछली को लेकर हुए झगड़े के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, भाई ने जीजा पर लगाया हत्या का आरोप

[ad_1]

आईआईटी आईएसएम कैंपस से सटे धैया मंडल बस्ती कुम्हार टोला स्थित ससुराल में रविवार की सुबह विवाहिता सरस्वती उर्फ पुतुल मंडल (28 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुतुल के भाई सिंदरी सीमाटांड़ निवासी इंद्रजीत मंडल ने पति शंकर मंडल व ससुराल वालों पर बहन की हत्या का आरोप लगाया। मृतक का पति आईएसएम में डीन आर एंड डी विभाग का जूनियर टेक्निशियन है। इंद्रजीत ने पुलिस को बताया कि मारपीट के बाद बहन को फंदे से लटकाने का प्रयास किया गया।

मछली पकाने को लेकर हुआ था झगड़ा
रविवार की सुबह आठ बजे शंकर मंडल घर पर मछली लेकर आया था। मछली बनाने को लेकर ही पत्नी से उसका विवाद हुआ था। पड़ोसियों ने घर के अंदर से चींखने-चिल्लाने की आवाज सुनी। भाई इंद्रजीत मंडल ने पुलिस को बताया कि शंकर मंडल और ससुराल वालों ने उनकी बहन पुतुल के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी मृत्यु हो गई तो उसे फंदे पर लटकाने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
घटना की जानकारी पाकर पहुंची धनबाद थाना की पुलिस टीम आरोपी शंकर मंडल को पकड़ कर थाना ले गई। थाना पहुंचा शंकर नशे में था। वह बार-बार कह रहा था कि उसने पत्नी को नहीं मारा। पत्नी ने चादर से फांसी लगा ली। वह पत्नी को फंदे से उतार कर पहले जालान अस्पताल और बाद में एसएनएमएमसीएच ले गया। दोनों जगहों पर डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

भाई ने लगाया घरेलु प्रताड़ना का आरोप
इंद्रजीत ने बताया कि वर्ष 2010 में बहन की शादी शंकर मंडल से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन तक सबकुछ ठीक रहा। इसके बाद पति और ससुराल वाले उनकी बहन को प्रताड़ित करने लगे। मामले की शिकायत महिला थाने में भी की गई थी। कई बार पंचायती के माध्यम से भी मामले को सुलझाने का प्रयास किया। इंद्रजीत ने बताया कि आईएसएम से रिटायर बहन के ससुर विजय मंडल और सास के अलावा शंकर मंडल और उनके दो भाई घर पर साथ रहते हैं। बहन का शव जमीन पर पड़ा था। पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे।

[ad_2]